Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। अतिवृष्टि एवं दैवीय आपदा की विषम परिस्थितियों में चमोली पुलिस के जवान दिन-रात सेवा सुरक्षा खोज, बचाव एवं राहत कार्यों में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जुटे रहते हैं। रात्रिकालीन खोज एवं बचाव अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश लाल शाह ने थाना नंदानगर को उच्च एवं अत्याधुनिक तकनीक से युक्त पांच एलईडी टॉर्च लाइटें प्रदान कीं। इसके साथ ही थाना नंदानगर के अंतर्गत कार्यरत 51 ग्राम प्रहरियों को भी 51 टॉर्च लाइटें वितरित की गईं। इससे आपदा के समय पुलिस एवं स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गणेश लाल शाह ने कहा कि वर्तमान समय आपदा का सीजन है और अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों में पुलिस के जवान तथा ग्राम प्रहरी रात्रि के समय भी खोज एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने यह सहयोग प्रदान किया है। साथ ही उनकी स्वर्गीय माता श्रीमती मुन्नी देवी शाह एवं स्वर्गीय पिता श्री मगन लाल शाह दोनों पूर्व विधायक रहे हैं और नंदानगर उनका प्रमुख कर्मक्षेत्र रहा है। इसी आत्मीय जुड़ाव के चलते उन्होंने पुलिस एवं ग्राम प्रहरियों के लिए यह सहयोग प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गणेश लाल शाह ने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार से भेंट कर प्रतीक स्वरूप उक्त अत्याधुनिक टॉर्च लाइट भेंट की थी। अत्याधुनिक टॉर्च लाइटें उपलब्ध होने से आपदा के दौरान रात्रिकालीन खोज एवं बचाव अभियानों में पुलिसकर्मियों और ग्राम प्रहरियों को काफी सुविधा मिलेगी। यह सहयोग विषम परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी सुरक्षित और सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *