Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में जनपद में चीनी के अवैध भंडारण जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग की 11 टीमों ने जनपद के विभिन्न नगरों और ग्रामीण बाजारों में खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक और उपलब्धता की जांच की। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमों ने कोटद्वार पौड़ी श्रीनगर पाबौ लैंसडाउन सतपुली लक्ष्मणझूला चौबट्टाखाल रिखणीखाल दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा चीनी का अनावश्यक रूप से भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीमों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि चीनी की कालाबाजारी अथवा अवैध बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा बाजारों में चीनी के स्टॉक और उसकी उपलब्धता पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से बाजारों में लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी नियमित एवं औचक चेकिंग अभियान जारी रहेगा। चीनी का अवैध भंडारण जमाखोरी अथवा कालाबाजारी करते पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *