Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस लाइन में हरियाली तीज के पावन अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए विशेष हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा रचनात्मकता और हुनर का प्रदर्शन किया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने झूले का आनंद लिया और गीत-संगीत व नृत्य से तीज उत्सव को यादगार बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक पूजा पंवार धर्मपत्नी पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार एवं उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और आकर्षक श्रृंगार के साथ प्रतिभाग कर तीज पर्व की सुंदरता को जीवंत किया। महोत्सव के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता एकल नृत्य प्रतियोगिता एवं ‘सावन सुंदरी’ तीज क्वीन प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने हथेलियों पर आकर्षक मेहंदी डिजाइन बनाए और एकल नृत्य के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं ‘सावन सुंदरी’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधान आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में पारंपरिक झूले की भी व्यवस्था की गई जिसका महिलाओं ने जमकर आनंद लिया। सावन के गीतों और हंसी-खुशी के बीच झूला झूलती महिलाओं ने तीज की पारंपरिक संस्कृति और लोक रंग को जीवंत किया। गीत-संगीत नृत्य और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा। महिलाओं के मनोरंजन और उत्साह को बढ़ाने के लिए टंग ट्विस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों से मजेदार एवं तेजी से बोले जाने वाले शब्दों और वाक्यों को दोहराने वाले प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों के प्रयासों के दौरान कई बार शब्द उलझने पर कार्यक्रम स्थल हंसी-ठिठोली और तालियों से गूंज उठा। इस अवसर पर प्रेरणा बिष्ट एवं आराध्या गैरोला ने विशिष्ट अतिथियों के हाथों पर सुंदर मेहंदी के डिजाइन भी बनाए। कार्यक्रम का मंच संचालन महिला हेड कांस्टेबल दीप्ति फर्स्वाण ने प्रभावी एवं आकर्षक ढंग से किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह बनाए रखा। आयोजन को सफल बनाने में पूजा पंवार का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और प्रयासों के साथ कांस्टेबल अनीता रावत महिला कांस्टेबल पिंकी कोठारी महिला कांस्टेबल विमला एवं होमगार्ड बबीता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिताओं के परिणाम में सुधा पंवार ने ‘सावन सुंदरी’ तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया जबकि साधना रनर-अप रहीं। एकल नृत्य प्रतियोगिता में मानसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा मेहंदी प्रतियोगिता में अंकिता विजेता रहीं। विजेताओं को अतिथियों द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागी महिलाओं ने आयोजन के लिए श्रीमती पूजा पंवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही पुलिस परिवार के बीच आपसी मेलजोल उत्साह और अपनत्व को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिताओं के बीच तालियों की गूंज सावन के गीत और झूले का आनंद लेते पुलिस परिवार की महिलाओं ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चन्द्रकला तिवाड़ी जिलाधिकारी चमोली की धर्मपत्नी सुगन्धा जिला एवं सत्र न्यायाधीश चमोली की धर्मपत्नी सुनीता सिंह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की धर्मपत्नी ममता पाठक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली की धर्मपत्नी अनु सिविल जज जूनियर डिवीजन एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री हिना कौसर संगीता भट्ट मीनाक्षी पन्त सहित अन्य गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *