प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद हरिद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान हरिद्वार शहर के साथ पिरान कलियर उर्स एवं मेले में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम कैलाश चंद्र टम्टा ने रानीपुर मोड़ स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एक ग्राहक की शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्होंने नामी कंपनी के रेस्टोरेंट बर्गर किंग का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां से खाद्य तेल और दूध सहित दो नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके अतिरिक्त कैलाश चंद्र टम्टा ने न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय में तीन खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं निर्माताओं के खिलाफ मिथ्या छाप वाली खाद्य सामग्री के निर्माण पैकिंग एवं विक्रय के मामले में वाद दायर किए हैं। इन मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और अधिकतम तीन लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की तथा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में 24 अगस्त को पिरान कलियर उर्स एवं मेले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग रुड़की की संयुक्त टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने मेले में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने रेट लिस्ट लगाने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थ परोसने के लिए मुद्रित अथवा प्रिंटेड कागज का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य सामग्री को ढककर और सुरक्षित तरीके से रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान हल्दी पाउडर चाय पोहा और देसी घी सहित कुल चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी तहसील रुड़की कपिल देव पूर्ति निरीक्षक रुड़की टीएन शर्मा एवं नीलम भास्कर मौजूद रहीं।
