प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस लाइन रोशनाबाद के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में सोमवार को महिला ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक आयोजित की गई। नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा हरिद्वार ओशीन जोशी की देखरेख में आयोजित बैठक का उद्देश्य गंभीर एवं जटिल पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना रहा। ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष महिला हेल्पलाइन हरिद्वार में प्रचलित जटिल पारिवारिक विवादों से जुड़े प्रकरण रखे गए। बैठक में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और परिवार को साथ रखने के लिए आपसी समझ एवं समन्वय से विवाद का समाधान करने के लिए समझाया गया। काउंसलिंग के दौरान चार पारिवारिक प्रकरणों में ऐच्छिक ब्यूरो के अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के समझाने पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और साथ रहने का समझौता हुआ। वहीं दो अन्य प्रकरणों में दोनों पक्षों को विचार-विमर्श एवं सोचने-समझने के लिए अग्रिम तिथि दी गई। बैठक में नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा एवं हेल्पलाइन ओशीन जोशी मनोवैज्ञानिक असिस्टेंट प्रोफेसर अरुण कुमार समाजशास्त्री विनोद शर्मा अधिवक्ता रीमा साहीम समाज सेविका एवं प्रधानाचार्य रंजना शर्मा तथा प्रभारी महिला हेल्पलाइन मायापुर उपनिरीक्षक अंजना चौहान ने प्रतिभाग किया। हरिद्वार पुलिस द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान कराने और आपसी सहमति से परिवारों को साथ रखने का प्रयास किया जा रहा है जिससे कई परिवारों को टूटने से बचाने में सफलता मिल रही है।
