Spread the love

प्रदीप कुमार
थराली/श्रीनगर गढ़वाल। थाना थराली क्षेत्र से स्कूल जाने के लिए घर से निकली नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना मिलने के बाद चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक काउंसिलिंग के बाद बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2026 को बालिका की मां ने थाना थराली में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास एवं स्थानीय स्तर पर बालिका की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। नाबालिग से संबंधित मामला होने के कारण पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम गठित कर बालिका की शीघ्र सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने परिजनों से विस्तृत पूछताछ की और उनसे प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर सुरागरसी-पतारसी करते हुए विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों और तत्परता के परिणामस्वरूप गुमशुदा नाबालिग बालिका को 24 घंटे के भीतर जनपद देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक काउंसिलिंग कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त किया। बालिका की तलाश और सकुशल बरामदगी में उपनिरीक्षक देवेंद्र भारती अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह हेड कांस्टेबल नीतीश कुमार तथा महिला होमगार्ड मधु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *