Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कर्णप्रयाग में प्रतिष्ठित समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें साइबर अपराध ऑनलाइन ठगी कानून की जानकारी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। पुलिस उपाधीक्षक ने बढ़ते साइबर अपराधों ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों फर्जी कॉल संदिग्ध लिंक एवं संदेशों के माध्यम से होने वाली ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी असावधानी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे ओटीपी पासवर्ड बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें। उन्होंने युवाओं को नशे के बढ़ते प्रभाव तथा इसके शारीरिक मानसिक सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और नशे की गिरफ्त में आने से उनका भविष्य प्रभावित होने के साथ ही परिवार और समाज पर भी गंभीर असर पड़ता है। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश की आने वाली नई पीढ़ी हैं और राष्ट्र का भविष्य उनके कंधों पर है। कानून का सम्मान करना डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना और नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं बल्कि सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने तथा परिवार और मित्रों को भी साइबर अपराध एवं नशे के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा कानून और नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे। पुलिस उपाधीक्षक ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस उपाधीक्षक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने एक स्वर में नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल प्रभारी बाजार चौकी वीरपाल सिंह, प्रभारी लंगासू चौकी दिनेश पंवार तथा प्रभारी साइबर सेल सतेन्द्र बुटोला मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *