प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किए जाने के मामले में तस्करी से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर करते हुए गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। 23 अगस्त की रात श्रीनगर पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के समीप वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक इको एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से वाहन चालक रविन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया और तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने तथा मादक पदार्थों की बिक्री आपूर्ति परिवहन एवं वितरण से जुड़ी अन्य कड़ियों का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच शुरू की। जांच और गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि गांजा तस्करी में रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू निवासी कीर्तिनगर और रुद्रप्रयाग निवासी विनोद रावत भी शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद रावत को रुद्रप्रयाग से तथा रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू ने बताया कि उसने पूर्व में गिरफ्तार एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह के साथ मिलकर विनोद रावत से थोक मात्रा में गांजा खरीदा था। इसके बाद दोनों की योजना गांजा श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाने की थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि तस्करी के लिए एंबुलेंस वाहन का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों को उम्मीद थी कि एंबुलेंस होने के कारण वाहन पर सामान्य तौर पर कम संदेह किया जाएगा और मानवीय संवेदनाओं के चलते इसकी जांच भी अपेक्षाकृत कम होगी। पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के चलते तस्करी के इस तरीके का खुलासा हुआ और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू उम्र 38 वर्ष पुत्र स्वर्गीय राज किशोर निवासी बड्यारगढ़ टिहरी गढ़वाल हाल निवासी भक्तियाना श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल तथा विनोद रावत उम्र 47 वर्ष पुत्र चंदन सिंह रावत निवासी बणसू रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविन्द्र कठैत का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज रहा है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी उपनिरीक्षक राजेश असवाल उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार हेड कांस्टेबल संजय कुमार हेड कांस्टेबल जय प्रकाश खत्री और हेड कांस्टेबल दिनेश नेगी शामिल रहे।
