प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भाजपा महिला मोर्चा पाबौ की ओर से आयोजित रक्षाबंधन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र की बहनों ने उन्हें राखी बांधकर उनके दीर्घ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं बल्कि विश्वास स्नेह सम्मान और सामाजिक समरसता के अटूट बंधन का प्रतीक है। यह पर्व हमारी संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारे की भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पावन पर्व सभी के जीवन में प्रेम सौहार्द और आत्मीयता को और मजबूत करे। उन्होंने उपस्थित सभी बहनों को रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखक्षसमृद्धि सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ.रावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव सम्मान और गौरव का स्थान प्राप्त रहा है। बहनों के स्नेह और आशीर्वाद से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने महिला शक्ति से सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। रक्षाबंधन समारोह के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने डॉ.धन सिंह रावत के साथ रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा करने के साथ ही क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कुसुम कंडवाल और राज्य मंत्री राजेंद्र अन्थवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने डॉ.धन सिंह रावत के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से वह अपनी विधानसभा में कार्य कर रहे हैं उस तरह का काम कम ही विधायक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ.रावत के कार्यों से क्षेत्र का चौमुखी विकास हो रहा है और यही कार्य उन्हें वर्ष 2027 में विधानसभा तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। दोनों ने उपस्थित लोगों से डॉ.धन सिंह रावत के हाथ मजबूत करने और उनका साथ देने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बटोला भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी डॉ. दीपा रावत ब्लॉक प्रमुख लता देवी सुषमा रावत वीरा भंडारी कविता देवी रजनी रावत अनामिका कोठियाल सीमा बिष्ट रजनी देवी पुष्पा रावत सहित वरिष्ठ महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
