प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए जनपद के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन गश्त और चेकिंग करते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में कोतवाली कैम्पटी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। 23 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक मंगेश कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सड़ब में अवैध कच्ची शराब की बिक्री किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम सड़ब में दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 58 वर्षीय बर्फिया पुत्र कुंकी निवासी ग्राम सड़ब तहसील नैनबाग कोतवाली कैम्पटी जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मंगेश कुमार हेड कांस्टेबल मोहन नेगी कांस्टेबल राजेन्द्र नेगी और कांस्टेबल बचन नेगी शामिल रहे।
