प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूटी चलाने के दौरान पीछे से बुजुर्ग को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी जिसके बाद मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। 18 अगस्त 2026 को इन्द्र सिंह निवासी झण्डीचौड़ कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दी थी कि 16 अगस्त को अंकित उर्फ अभिषेक निवासी कोटद्वार अपनी स्कूटी को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान उसने उनके पिता बलबन्त सिंह को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में बलबन्त सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। 23 अगस्त 2026 को गंभीर रूप से घायल बलबन्त सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले में मृत्यु से संबंधित प्रावधान भी जोड़ा। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी अंकित उर्फ अभिषेक को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अंकित उर्फ अभिषेक निवासी झण्डीचौड़ कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल।
