Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत चमोली जिले के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग और गवर्नमेंट पीजी कॉलेज गोपेश्वर में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम युवा सहभागिता खेल विकास युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना पर केंद्रित रहेगा। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन 27 अगस्त को किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी माय भारत चमोली आदित्य राज दीक्षित ने बताया कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ का उद्देश्य देश के युवाओं खिलाड़ियों और भविष्य की पीढ़ी को एक मंच पर जोड़ना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश के खेल क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और विकास से अवगत कराया जाएगा। साथ ही खेल युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार सुझाव और आकांक्षाएं भी सुनी जाएंगी। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। युवा संवाद के दौरान माय भारत स्वयंसेवकों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव तथा भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद आयोजित युवा संवाद में युवाओं को अपने विचार सुझाव और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा। युवा संवाद में मुख्य रूप से चार विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं कोचिंग और अवसर पहुंचाकर खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना वर्ष 2036 ओलंपिक के लिए वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान एवं खिलाड़ी विकास के माध्यम से प्रतिभाओं को तैयार करना युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा कौशल स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों के माध्यम से युवाओं का सशक्तीकरण शामिल है। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि युवाओं से उनके सुझाव और विचार क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर युवाओं को वीबीवाईएलओ क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को खेल नेतृत्व कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ ही विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *