Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बैंगलोर में आयोजित केवी ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में गोपेश्वर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। बालक वर्ग की प्रतियोगिता में श्रेय किमोठी ने कांस्य पदक हासिल किया जबकि बालिका वर्ग में कु.हिफजा नूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बालक वर्ग की केवी ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप 7 से 11 अगस्त 2026 तक बैंगलोर में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में गोपेश्वर के खिलाड़ी श्रेय किमोठी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। श्रेय के प्रदर्शन से जिले के खेल प्रेमियों और ताइक्वांडो से जुड़े खिलाड़ियों में उत्साह है। इसके बाद 15 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में कु.हिफजा नूर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। हिफजा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। हिफजा नूर का चयन भारतीय खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित एसजीएफआई चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। वह अक्टूबर माह में हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाली एसजीएफआई चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से जनपद के खेल जगत में खुशी का माहौल है। जनपद लौटने पर जिला ताइक्वांडो समिति की ओर से दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष शहबाज अहमद उपाध्यक्ष उपासना के.डिमरी कोच शुभम शाह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने श्रेय किमोठी और हिफजा नूर को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *