Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। कुल 26 शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच और आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में किशन सिंह रावत ने जोशीमठ-मलारी सड़क में भूमि अधिग्रहण के प्रतिकर से संबंधित समस्या रखी। इस पर जिलाधिकारी ने भूमि अध्याप्ति सहायक को किशन सिंह सहित प्राप्त सभी संबंधित प्रकरणों में प्रतिकर की कार्रवाई तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। देवग्राम निवासी राधिका देवी ने देवग्राम के 27 परिवारों के अन्यत्र विस्थापन की मांग रखी। जिलाधिकारी ने इस मामले में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उर्गम निवासी यादवेन्द्र सिंह ने कल्पेश्वर महादेव मंदिर की सुरक्षा एवं आपदा सुरक्षा से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ संयुक्त सर्वे कर सुरक्षा कार्य करने के निर्देश दिए। गोपेश्वर निवासी बलवंत सिंह ने वार्ड संख्या-1 में नाली निर्माण की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को बरसात के बाद तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं उर्गम निवासी विक्रम ने विद्युत संयोजन हटाए जाने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। विकासनगर न्यू लॉ कॉलेज गोपेश्वर के मोहल्लावासियों ने निर्माण कार्य रोके जाने संबंधी शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को भूमि की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रेम सिंह दर्शन नेगी एवं अन्य लोगों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों से संबंधित विभिन्न मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा विपिन सिंह अतुल शाह सुधा देवी जय लाल बुद्धि प्रसाद गोपाल सिंह सहित अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए ताकि लोगों को अपनी शिकायत के संबंध में हुई प्रगति की जानकारी मिल सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजीव पाल मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *