प्रदीप कुमार
श्यामपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर लगातार लड़ाई-झगड़ा कर गांव का माहौल खराब करने के मामले में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अपने भाई और उसके परिजनों के साथ मारपीट गाली-गलौच तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में श्यामपुर थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए थे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशन में कोतवाली श्यामपुर पुलिस द्वारा पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर लगातार विवाद करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 29 जुलाई 2026 को श्यामपुर निवासी महिला की तहरीर पर नूर मोहम्मद रफी और आरिफ के खिलाफ मारपीट गाली-गलौच जान से मारने की धमकी देने तथा महिला के साथ गलत नीयत से हाथ फेरने और मुंह पर मुक्का मारकर घायल करने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद आरोपियों ने 11 अगस्त 2026 को अपने भाई शाहनवाज के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौच करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में शाहनवाज की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर 14 अगस्त 2026 को पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। दोनों मामलों की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर विवेचक ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए। वारंट जारी होने के बाद श्यामपुर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा उन्हें नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में नूर मोहम्मद पुत्र नूर आलम उम्र 32 वर्ष रफी पुत्र नूर आलम उम्र 28 वर्ष और आरिफ पुत्र नूर आलम उम्र 26 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम नलोवाला कोतवाली श्यामपुर जनपद हरिद्वार के निवासी हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया उपनिरीक्षक देवेन्द्र यादव और होमगार्ड विनोद रावत शामिल रहे।
