Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद ऊधम सिंह नगर में 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित 24वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस कुश्ती प्रतियोगिता में हरिद्वार पुलिस की टीम ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। टीम ने कुश्ती में द्वितीय तथा आर्म कुश्ती में तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में हरिद्वार पुलिस की महिला खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। महिला कांस्टेबल पूजा भट्ट ने अपने भार वर्ग की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। महिला कुश्ती में कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कांस्टेबल कविता बुटोला ने 68 किलोग्राम कांस्टेबल भारती रावत ने 72 किलोग्राम और कांस्टेबल रजनी बिष्ट ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। आर्म कुश्ती में भी हरिद्वार पुलिस की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम कांस्टेबल भारती रावत ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कांस्टेबल कविता बुटोला ने 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में द्वितीय तथा कांस्टेबल रजनी बिष्ट ने 76 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भी कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर हरिद्वार पुलिस का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम के सदस्य और कोचिंग स्टॉफ ट्रॉफी लेकर पुलिस कार्यालय हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने टीम के सदस्यों एवं कोचिंग स्टॉफ से मुलाकात कर उन्हें प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। एसएसपी नवनीत सिंह ने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अभी से तैयारियां पुख्ता करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और बेहतर तैयारी के साथ आगे की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार रखना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक को टीम के सदस्यों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। हरिद्वार पुलिस की टीम के इस प्रदर्शन को खिलाड़ियों की मेहनत अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों द्वारा हासिल किए गए पदकों से पुलिस विभाग में भी उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *