Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 45 टेट्रा पैक माल्टा मसालेदार देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब स्मैक चरस गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में 23 अगस्त 2026 को पुलिस टीम द्वारा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम नन्हेड़ा रोड पर मदरसे के सामने एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 45 टेट्रा पैक माल्टा मसालेदार देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान विनेश कुमार पुत्र रमेश चंद निवासी ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर और कांस्टेबल मजन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *