Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित विश्व बंधुत्व रक्तदान महाभियान के अंतर्गत सोमवार को श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल में ब्रह्माकुमारीज श्रीनगर सेवाकेंद्र की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सेवाकेंद्र से जुड़े भाई-बहनों युवाओं स्थानीय नागरिकों सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसके अलावा 20 से अधिक लोगों ने भविष्य में आपातकालीन समय में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर सहयोग के उद्देश्य से अपना पंजीकरण कराया। रक्तदान शिविर का आयोजन श्रीकोट बेस अस्पताल के ब्लड बैंक के सहयोग से किया गया। चिकित्सा टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विश्व बंधुत्व रक्तदान महाभियान का मुख्य संदेश एक रक्त एक मानवता एक विश्व परिवार है। रक्तदान के माध्यम से समाज में मानवता निस्वार्थ सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने कहा कि रक्त की आवश्यकता के समय जाति‌ धर्म भाषा या क्षेत्र का कोई भेद नहीं रहता। किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी भी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा करने में सहायक हो सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में प्रोफेसर राकेश नेगी संजय पांडे अंकित रावत अनुपम गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने रक्तदान किया। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय डिप्टी एमएस डॉ.दीपा हटवाल डॉ.सतीश कुमार सहित सेवाकेंद्र से जुड़े भाई-बहन युवा एवं स्थानीय नागरिक भी शिविर में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *