Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 70 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं जिनमें से 34 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही प्रत्येक समस्या का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनसुनवाई में सुभाष चंद निवासी मीरपुर मुआजपुर ने बताया कि उनके क्षेत्र में नई टाइल्स रोड बनाई गई है लेकिन मार्ग के दोनों ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश का पानी उनके घर में घुस जाता है। उन्होंने टाइल्स रोड के दोनों ओर नाली बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। राम कुमार पुत्र किरत सिंह निवासी धीरमजरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की मांग की। वहीं सुचित्रा निवासी इंडस्ट्रियल एरिया बहादराबाद ने बताया कि उनके पति वेद प्रकाश का किडनी का इलाज हिमालयन अस्पताल में चल रहा है और इलाज के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि हिमालयन अस्पताल द्वारा गोल्डन कार्ड से इलाज करने से मना कर दिया गया है। उन्होंने अस्पताल में गोल्डन कार्ड से इलाज की सुविधा दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। रमेश कुमार पुत्र प्रेम सिंह ने बताया कि उनकी भूमि जमालपुरकला में स्थित है जिस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राजस्व विभाग से भूमि की निष्पक्ष जांच एवं पैमाइश कराकर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की। अर्जुन निवासी किशनपुर ने मकान क्षतिग्रस्त होने पर आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। गुरमेल सिंह निवासी ग्राम दिनारपुर ने बताया कि उनकी भूमि तक जाने के लिए रास्ता उपलब्ध नहीं है। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर सार्वजनिक रास्ता खुलवाने की मांग की। वहीं रामकुमार ने नेतवाल सेदाबाद लक्सर में स्थित अपनी भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जिलाधिकारी सख्त बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का हर हाल में 31 अगस्त तक निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी संबंधित अधिकारी द्वारा निर्धारित समय सीमा में शिकायत का निस्तारण नहीं किया जाता है तो संबंधित अधिकारी का अगस्त माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन में एल-1 स्तर पर 382 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 98 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता करने को भी कहा। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतों को दर्ज करना नहीं बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए। बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी प्रशासनिक जितेंद्र कुमार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह परियोजना निदेशक नलिनी घिल्डियाल जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सीओ सदर एसपी बलूनी जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम गंगा मीनाक्षी मित्तल जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल अधिशासी अभियंता जल निगम आरके गुप्ता अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित जिला स्तरीय संबंधित अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *