Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जनपद में अनमैप एवं विसंगति की श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों को जारी नोटिसों की सुनवाई का कार्य तेजी से जारी है। अब तक जनपद में जारी एवं वितरित किए गए 1,17,501 नोटिसों में से 1,15,115 की सुनवाई पूरी कर ली गई है। इस प्रकार कुल 97.97 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो चुकी है जबकि 2,386 नोटिसों पर सुनवाई शेष है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की सुनवाई को लेकर जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को 31 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4,63,628 मतदाता हैं। प्रकाशित निर्वाचक नामावली के बाद अनमैप एवं विसंगति की श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों को नोटिस वितरित कर उनकी सुनवाई की जा रही है। विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति की बात करें तो देवप्रयाग में सभी 19,131 नोटिसों की सुनवाई शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है। घनसाली में 97.74 प्रतिशत नरेंद्रनगर में 96.87 प्रतिशत प्रतापनगर में 99.12 प्रतिशत टिहरी में 94.89 प्रतिशत तथा धनोल्टी में 99.36 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष नोटिसों की सुनवाई निर्धारित समयावधि में पूरी करने की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में बताया गया कि अर्ह नागरिकों एवं निर्वाचकों से प्राप्त दावे-आपत्तियों के संबंध में प्रारूप-6, 6क, 7 एवं 8 के कुल 3,964 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पूर्व से लंबित प्रकरणों को मिलाकर निस्तारण के लिए कुल 6,990 प्रकरण उपलब्ध हैं। इनमें प्रारूप-6 के 4,229 प्रकरणों के सापेक्ष 18 नोटिस तथा प्रारूप-7 के 867 प्रकरणों के सापेक्ष 203 नोटिस जारी किए गए हैं। प्रारूप-6क एवं प्रारूप-8 के प्रकरणों में कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सभी संबंधित अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को निष्पक्ष पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित करने में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने शेष मामलों की सुनवाई और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह वरिष्ठ सहायक मनोज भट्ट भाजपा से राजेंद्र प्रसाद डोभाल एवं जयेन्द्र पंवार कांग्रेस से गब्बर सिंह रावत एवं नवीन सेमवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *