Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। माधो सिंह भंडारी इंजीनियरिंग कॉलेज गोपेश्वर के ऑडिटोरियम में फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम ने बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए अग्नि सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपात स्थिति में घबराने के बजाय समझदारी और तत्परता से पहला कदम उठाने तथा मौके पर मौजूद रहते हुए प्राथमिक मदद पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान फायर टीम ने विभिन्न प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की प्रयोग विधि और उनके महत्व की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि आग लगने की शुरुआती स्थिति में सही अग्निशमन उपकरण का सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से इस्तेमाल कर छोटी आग को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता है और बड़ी अग्नि दुर्घटना को रोका जा सकता है। टीम ने एलपीजी गैस सिलिंडर में लीकेज होने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों गैस रिसाव के संभावित कारणों तथा आग लगने से पहले ही दुर्घटना को रोकने के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा एवं सीपीआर की विधि के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया।‌किसी व्यक्ति के अचानक घायल या बेहोश होने की स्थिति में शुरुआती मदद किस प्रकार दी जा सकती है इसके बारे में समझाया गया। आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने की विधि भी बताई गई। फायर टीम ने विद्यार्थियों को आपातकालीन नंबर 112 के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सूचना देकर समय पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आपदा या दुर्घटना के समय स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की प्राथमिक सहायता करने के लिए सक्षम बनाना रहा। कार्यक्रम में फायर सर्विस टीम से एलएफएम अतर सिंह राणा चालक नितिन जोशी एफएम अरविंद सिंह रावत संतोष एवं भारत कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *