Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित रूप से बाधा डालने के कांग्रेस के प्रयासों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष पारदर्शी एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने की मांग की। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने तथा जनमानस में भ्रम की स्थिति पैदा करने के लिए कांग्रेस की ओर से समय-समय पर अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा महानगर देहरादून ने कांग्रेस के इस रवैये का विरोध किया। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष पारदर्शी एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराया जाए तथा जानबूझकर बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद होती है। इसकी शुचिता पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति अथवा मतदाता के नाम को लेकर कोई वास्तविक आपत्ति है तो उसके निराकरण के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित विधिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया उपलब्ध है। राजनीतिक दबाव बनाकर अधिकारियों को प्रभावित करने का प्रयास करके अथवा जनमानस में भ्रम फैलाकर संवैधानिक प्रक्रिया को बाधित करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस द्वारा एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने और कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है लेकिन किसी संवैधानिक प्रक्रिया को दबाव की राजनीति के माध्यम से प्रभावित करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने प्रशासन से एसआईआर प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता पारदर्शिता एवं स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में जानबूझकर बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा निष्पक्ष एवं शुद्ध मतदाता सूची के पक्ष में है और मतदाता सूची की विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रहे और अपात्र नामों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाया जाए। धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों सुनील शर्मा संकेत नौटियाल ओम कक्कड़ महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी विजेंद्र थपलियाल मंत्री मोहित शर्मा जगदीश सेमवाल समीर डोभाल‌ विनोद शर्मा अक्षत जैन मोतीराम सुरेंद्र राणा कुलदीप पंत सुमन सिंह सुरेंद्र घेल बलदेव नेगी संजीव बालियान सुमित पांडे आशीष शर्मा प्रदीप रावत पूनम शर्मा सुषमा कुकरेती सौरभ शर्मा सहित महानगर पदाधिकारी मंडल पदाधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *