प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा सहभागिता खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देशभर में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिसका उद्देश्य देश के युवा खिलाड़ियों और भविष्य की युवा शक्ति को एक मंच पर जोड़ना है। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में खेल के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों एवं विकास से अवगत कराया जाएगा। साथ ही खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार सुझाव एवं आकांक्षाओं को भी सुना जाएगा। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। टिहरी जिले में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय चंबा एवं गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चन्द्रभदनी में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर युवा संवाद पर केंद्रित रहेगा। युवा संवाद के दौरान माय भारत स्वयंसेवक माय भारत एनएसएस एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव तथा भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद लगभग 15 मिनट का युवा संवाद होगा जिसमें युवाओं को अपने विचार सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा। युवा संवाद में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं कोचिंग एवं अवसर पहुंचाने तथा 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा पहचान एवं खिलाड़ी विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण पर भी संवाद होगा। इसके तहत युवाओं को भविष्य के लिए आवश्यक कौशल स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही वीबीवाईएलडी क्विज राउंड में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। यह पहल युवाओं को खेल नेतृत्व,कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ-साथ भारत के विकसित एवं सशक्त भविष्य के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
