प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने विकासखंड कल्जीखाल के हीरांस गौधाम एवं जय ज्वालपा गौधाम का निरीक्षण कर गोवंश के लिए उपलब्ध चारा-पानी साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधितों को गोवंश की देखभाल एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जय ज्वालपा गौधाम के निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने वहां मौजूद गोवंश की संख्या और उनकी देखभाल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश की सुरक्षा एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही गौधाम में उपलब्ध व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं हीरांस गौधाम में उन्होंने चारा स्टोर का निरीक्षण कर उपलब्ध चारे की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गौधाम में गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखा जाए ताकि किसी भी स्थिति में चारे की कमी न हो। इसके साथ ही उन्होंने पशुपालन विभाग की टीम को समय-समय पर गौधाम में भेजकर गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि गौधामों में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित संचालकों को गौधाम की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कानूनगो दशरथ नाथ राजस्व उपनिरीक्षक सूरज सिंह नीमा शिव सिंह रावत सहित गौधाम संचालक मौजूद रहे।
