Spread the love

प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। यातायात ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड नैन सिंह ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े गोवंश को देखकर अपनी बाइक रोक दी और उसकी मदद के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। होमगार्ड की संवेदनशीलता और स्थानीय लोगों व स्वयंसेवी संस्था से जुड़े सुमित के सहयोग से घायल गोवंश की सहायता का प्रयास किया गया। 22 अगस्त 2026 को होमगार्ड 1154 नैन सिंह निवासी गूलर दोगी टिहरी गढ़वाल बाइक से यातायात ड्यूटी के लिए तपोवन तिराहा मुनिकीरेती आ रहे थे। इसी दौरान तपोवन तिराहे से करीब 200 मीटर पहले बाइपास रोड पर उन्हें सड़क किनारे एक गोवंश लहूलुहान एवं घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हुआ कि किसी वाहन की टक्कर से गोवंश गंभीर रूप से घायल हुआ था। स्थिति को देखते हुए होमगार्ड नैन सिंह ने बिना समय गंवाए बाइक रोकी और घायल गोवंश के पास पहुंचे। उन्होंने तत्काल ऋषिकेश क्षेत्र में लंबे समय से स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से सेवा कार्य कर रहे सुमित से संपर्क किया और आसपास मौजूद लोगों को भी मदद के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही सुमित और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी ने मिलकर घायल एवं असहाय गोवंश की सहायता करने और उसका जीवन बचाने का हरसंभव प्रयास किया। यातायात ड्यूटी पर जाते समय अपने कर्तव्य के साथ घायल बेजुबान प्राणी के प्रति होमगार्ड नैन सिंह द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और तत्परता मानवता की मिसाल बनी। वहीं स्वयंसेवी संस्था से जुड़े सुमित और स्थानीय लोगों ने भी बिना किसी स्वार्थ के घायल गोवंश की मदद के लिए आगे आकर सेवा एवं संवेदना का परिचय दिया। इस मानवीय प्रयास से यह संदेश भी दिया गया कि संवेदनशीलता केवल इंसानों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बेजुबान और असहाय पशु-पक्षियों की पीड़ा को समझकर उनकी मदद के लिए आगे आना भी समाज की जिम्मेदारी है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर किसी घायल पशु अथवा बेजुबान प्राणी को संकट की स्थिति में देखें तो यथासंभव उसकी सहायता करें तथा संबंधित विभाग या पशु सेवा संस्थाओं को तत्काल सूचना दें। पुलिस ने होमगार्ड नैन सिंह, सुमित और सहयोग करने वाले सभी स्थानीय नागरिकों के इस मानवीय प्रयास की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *