प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक कार चालक को पकड़कर वाहन सीज किया है। पुलिस ने चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा नशे में वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 की रात पुलिस टीम ने रानीपुर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टिहरी विस्थापित कॉलोनी क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर चालक की जांच की गई। पुलिस के अनुसार चालक प्रवीन कुमार पुत्र गंगा प्रसाद निवासी सुभाषनगर कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार नशे की हालत में वाहन चलाता पाया गया। पुलिस टीम ने चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत हिरासत में लेते हुए कार को सीज कर दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी हेड कांस्टेबल गदेव तथा कांस्टेबल सर्वजीत सिंह शामिल रहे।
