Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में महानगर देहरादून की महिलाओं ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व मनाया। इस दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और महानगर अध्यक्ष की कलाई पर स्नेह विश्वास एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक रक्षासूत्र बांधे। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने सभी बहनों का विशेष धन्यवाद अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहनों द्वारा दिए गए इस स्नेह के लिए वह जीवनभर ऋणी रहेंगे। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं बल्कि आपसी सम्मान विश्वास और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को महिलाओं की सुरक्षा सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बहनों का लगातार आशीर्वाद और विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग मिलता रहता है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार में माताएं बहनें और भाई एक साथ मिलकर संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। संगठन भी परिवार की तरह सभी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि सभी के बीच आपसी विश्वास और स्नेह इसी तरह बना रहे इसकी वह प्रभु से कामना करते हैं। उन्होंने बहनों से अपना आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वह भविष्य में भी सभी के साथ परिवार के सदस्य के रूप में निरंतर जुड़े रहना चाहते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भी रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री विनोद उनियाल ज्योति कोटिया महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा सुगंधा सुषमा कुकरेती कमली भट्ट सहित पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *