Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर मेरिट आधारित प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह प्रक्रिया सीयूईटी स्नातक-2026 के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय के परिसरों तथा संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए शुरू की गई है। हालांकि बीए एलएलबी को इस प्रवेश प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश परिपत्र के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 27 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे से 31 अगस्त 2026 की रात 11:55 बजे तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण शुल्क सामान्य अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये तथा एससी एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया को 8 सितंबर 2026 तक पूरा करने की सलाह दी है। विश्वविद्यालय के बिरला परिसर श्रीनगर में बीएससी लाइफ साइंस बीएससी गणित बीकॉम बीएससी योगिक साइंस बीए बी होटल मैनेजमेंट बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन इंटीग्रेटेड एमबीए तथा लोक संगीत एवं लोक नृत्य डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में विभिन्न श्रेणियों में रिक्त सीटें उपलब्ध हैं। एसआरटी परिसर टिहरी में बीकॉम बीए बीएससी लाइफ साइंस तथा बीएससी गणित में रिक्त सीटें हैं। वहीं डॉ.बीजीआर परिसर पौड़ी में बीकॉम बीए बीएससी लाइफ साइंस और बीएससी गणित में विभिन्न श्रेणियों की सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा बिरला परिसर श्रीनगर में बीटेक तृतीय सेमेस्टर की लेटरल एंट्री योजना के तहत कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग सूचना प्रौद्योगिकी तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखाओं में भी रिक्त सीटें घोषित की गई हैं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को पंजीकरण करने से पहले अपनी पसंद के पाठ्यक्रम में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है। संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को सीटों की उपलब्धता और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी के लिए संबंधित संस्थान से सीधे संपर्क करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण मात्र से प्रवेश का अधिकार सुनिश्चित नहीं होता। प्रवेश अभ्यर्थी की पात्रता मेरिट तथा उपलब्ध सीटों के आधार पर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *