Spread the love

प्रदीप कुमार
घनसाली-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना घनसाली क्षेत्र के ग्राम द्वारी पट्टी कोटी फैगुल में पिछले कई महीनों से बंद घरों में हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की सख्त मॉनिटरिंग और पुलिस की सतर्कता के साथ ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। जनपद में अपराधों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में थाना घनसाली पुलिस ग्राम द्वारी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए निगरानी और तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार ग्राम द्वारी क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति बंद घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश कर रहा था। आरोपी घरों में खाना बनाने और गंदगी करने के साथ चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दे रहा था। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से लगातार निगरानी करते हुए 27 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक हेक्सा ब्लेड मय फ्रेम एक टॉर्च और एक सरिया बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनी उर्फ सोहन बेलवाल पुत्र लक्ष्मीप्रसाद बेलवाल उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम द्वारी पट्टी कोटी फैगुल थाना घनसाली बताया। पूछताछ में उसने पूर्व में भी बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी करने तथा घटनाओं के बाद जंगल में रहने की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मामले में वादी की तहरीर एवं बरामदगी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय नई टिहरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बरामद सामान में एक हेक्सा ब्लेड मय फ्रेम एक टॉर्च और एक सरिया शामिल है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश बल्लभ कांस्टेबल लक्ष्मण प्रसाद रिक्रूट कांस्टेबल साहिल यादव और होमगार्ड मुरारी लाल शामिल रहे। टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घनसाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए प्रभावी पुलिसिंग लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *