Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में सघन प्रवर्तन एवं यातायात नियमों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 160 चालान किए तथा करीब 3 लाख 91 हजार 600 रुपये की शमन राशि आरोपित की। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग नहीं करना प्रमुख उल्लंघन के रूप में सामने आया। हेलमेट नहीं पहनने के 76 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना कर रसीद बिना वैध परमिट सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग तथा अन्य मोटरयान नियमों के उल्लंघन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कुल 37 वाहनों के पंजीयन प्रमाण-पत्र (आरसी) अभिरक्षा में लिए गए जबकि 3 वाहनों को एआरटीओ कार्यालय लाया गया। अभियान में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की भी विशेष जांच की गई। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश पंजीकृत पर्यटक एवं वाणिज्यिक वाहनों की जांच पर ध्यान दिया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा ने प्रवर्तन टीमों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से सीधे जुड़े उल्लंघनों विशेषकर हेलमेट सीट बेल्ट परमिट कर फिटनेस ड्राइविंग लाइसेंस और ओवरलोडिंग के मामलों में नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात अनुशासन स्थापित करने की दिशा में निरंतर एवं परिणामपरक अभियान चलाया जाए। परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। गंभीर एवं बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *