Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं। इसी क्रम में शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा ने गुरुवार को हरिद्वार पहुंचकर उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना बोर्ड के अंतर्गत कुंभ क्षेत्र में उत्तराखंड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए और लापरवाही या अनावश्यक विलंब पर जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी। सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में शहरी विकास सचिव ने हर की पैड़ी पुनर्विकास परियोजना रोड़ीबेलवाला क्षेत्र पुनरोद्धार एवं विकास परियोजना तथा उत्तरी हर की पैड़ी क्षेत्र विकास परियोजना की विस्तार से समीक्षा की। इन परियोजनाओं के तहत घाटों एवं मार्गों के सुधार और उन्नयन प्रकाश व्यवस्था सौंदर्यीकरण सुरक्षा जनसुविधाओं के विकास भीड़ प्रबंधन वेंडिंग जोन ड्रेनेज एवं सीवरेज पार्किंग आस्था पथ के उन्नयन तथा आकस्मिक निकासी मार्ग विकसित करने सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। सचिव ने कहा कि वर्षाकाल समाप्त होते ही सभी निर्माण एजेंसियां पूरी क्षमता के साथ कार्य में जुटें। कुंभ मेला की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों के सुधार सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा अन्य सभी आवश्यक कार्य भी आगामी 15 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला से संबंधित परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले भवनों और अन्य अवसंरचनाओं के फसाड में हरिद्वार एवं कुंभ के महत्व के अनुरूप कलर कोड और थीम में एकरूपता सुनिश्चित की जाए। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उपयुक्त रेलिंग स्थापित करने तथा पहले से लगी रेलिंग की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। हर की पैड़ी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण घाटों के सुधार और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए सचिव ने कहा कि यहां धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ श्रद्धालुओं की अत्यधिक आवाजाही को ध्यान में रखकर सभी कार्य किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य सुव्यवस्थित सुरक्षित और सुंदर होने चाहिए। शहरी विकास सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अब शासन स्तर पर प्रत्येक सप्ताह कुंभ मेला से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। कार्यदायी संस्थाओं के उच्चाधिकारियों को निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी करने और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कुंभ मेला की सेक्टरवार व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। सचिव ने सभी सेक्टरों में स्थापित होने वाले शिविरों के लिए आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने तथा ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों के आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कुंभ के दौरान स्वास्थ्य स्वच्छता जलापूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियों की भी जानकारी ली। मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला से संबंधित तैयारियों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। बड़ी परियोजनाओं के कार्यस्थलों पर दिन-रात कार्य प्रारंभ कराया गया है। उन्होंने यूपीडीसीसी की परियोजनाओं में भी कार्य की गति बढ़ाते हुए आवश्यकता के अनुसार दिन-रात कार्य कराने की अपेक्षा की। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कुंभ मेला प्रबंधन के लिए तैयार किए गए सेक्टर प्लान का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होंने बताया कि संपूर्ण कुंभ क्षेत्र को 5 जोन और 32 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में आवश्यक व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार कर उन्हें चरणबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जा रहा है। बैठक में आईजी कुंभ डॉ.योगेंद्र सिंह रावत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित नगर आयुक्त नंदन कुमार यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक मनोज कुमार सिंह कुंभ मेला टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश की गंगा कैनाल डिवीजन रुड़की के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल एवं आशीष भट्ट वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौथियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद शहरी विकास सचिव ने रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास परियोजना एडमिन रोड परियोजना तथा शिवमूर्ति चौराहे के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *