प्रदीप कुमार
कोटद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर 27 अगस्त 2026 को एमकेपीएस बलूनी एवं नवयुग स्कूल कोटद्वार की छात्राओं ने कोतवाली कोटद्वार पहुंचकर पुलिस कर्मियों को राखियां बांधीं और उन्हें भाई-बहन के अटूट स्नेह विश्वास एवं सुरक्षा के इस पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड सुंदर पेंटिंग और पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम एवं साइबर सेल कोटद्वार की ओर से छात्राओं के साथ संवादात्मक जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों महिला सुरक्षा गुड टच-बैड टच तथा बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने अनजान लिंक और संदिग्ध फोन कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी परेशानी या असुरक्षित स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस से सहायता ले सकती हैं। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बच्चों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा सहायता और मार्गदर्शन के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। छात्राओं और पुलिस कर्मियों के बीच हुए आत्मीय संवाद से बच्चों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भाई-बहन के स्नेह के साथ सुरक्षा सम्मान और विश्वास का संदेश देने वाला रहा।
