Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सैलून से चोरी किया गया सामान शत-प्रतिशत बरामद किया है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार ग्राम डाडा जलालपुर निवासी मिंटू पुत्र पल्ला सिंह ने कोतवाली भगवानपुर में शिकायत देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके हेयर सैलून का शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया। चोरी किए गए सामान में 42 इंच की एलईडी, 15 किलोग्राम का भारत कंपनी का गैस सिलेंडर चांदी की चेन‌ चांदी की अंगूठी स्मार्ट घड़ी और 15 हजार रुपये की नकदी शामिल थी। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने पुलिस टीमों का गठन किया। एक टीम को सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे करीब 220 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज संकलित कर उनका विश्लेषण किया। इसके साथ ही पूर्व में जेल से छूटे अपराधियों से पूछताछ की गई और क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस की लगातार जांच और प्रयासों के परिणामस्वरूप 26 अगस्त को श्रवण पुत्र राजकुमार निवासी रायपुर थाना भगवानपुर तथा विवेक पुत्र मदनपाल निवासी रायपुर थाना भगवानपुर को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 42 इंच की फॉक्स स्काई कंपनी की एलईडी भारत कंपनी का गैस सिलेंडर चांदी की चेन चांदी की अंगूठी और स्मार्ट घड़ी बरामद की। पुलिस के अनुसार चोरी हुए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान हेड कांस्टेबल गीतम सिंह और हेड कांस्टेबल संजीव यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *