Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग बालक के अचानक घर से लापता होने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 19 घंटे से कम समय में सकुशल बरामद कर लिया। बालक के सकुशल मिलने पर उसके परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। 25 अगस्त 2026 को ग्राम दादूबास ग्रांट कोतवाली भगवानपुर निवासी बजिन्द्र पुत्र रतिराम ने कोतवाली भगवानपुर पहुंचकर सूचना दी कि उनका 13 वर्षीय पुत्र घर से बिना बताए कहीं चला गया है और काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा है। नाबालिग के अचानक घर से चले जाने की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर द्वारा पुलिस टीम का गठन कर नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए प्रयास शुरू किए गए। पुलिस टीम ने बालक के घर से बाहर जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए बालक की तलाश के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने लगातार कड़ी मेहनत और तत्परता के साथ बालक की तलाश जारी रखी। सीसीटीवी फुटेज से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 घंटे से कम समय में नाबालिग बालक रवि को सकुशल बरामद कर लिया। बालक के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया। अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बालाराम जोशी और कांस्टेबल उवैदल्लाह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *