Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। सामाजिक संस्था भागीरथी कला संगम और अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन श्रीनगर के सदस्यों ने रामलीला कमेटी सुमाड़ी के अध्यक्ष यमुना प्रसाद काला के निमंत्रण पर उनके मूल गांव सुमाड़ी, विकासखंड खिर्सू में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी नारायण मंदिर और गौरा देवी मंदिर परिसर की साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही रामलीला मैदान में उगी झाड़ियों को काटकर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों ने करीब दो घंटे तक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक गांव के विभिन्न स्थानों पर श्रमदान करते हुए स्वच्छता कार्य किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में शामिल सदस्यों ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी न मानकर सामूहिक दायित्व के रूप में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए स्थानीय लोगों की सहभागिता जरूरी है। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार करने का भी आह्वान किया गया। रामलीला कमेटी सुमाड़ी के अध्यक्ष यमुना प्रसाद काला ने स्वच्छता अभियान में शामिल सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्यों ने पूरी मेहनत और लगन के साथ गांव में स्वच्छता कार्य किया जिससे स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस अवसर पर गांव के गणमान्य लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने भागीरथी कला संगम एवं अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामूहिक श्रमदान से न केवल गांव के सार्वजनिक स्थलों की स्थिति बेहतर होती है बल्कि अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलती है। श्रीनगर से सुमाड़ी पहुंचे सभी सदस्यों का स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया। कार्यक्रम में भागीरथी कला संगम के राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल रमेश चंद्र थपलियाल रघुवीर सिंह रावत दीनबंधु सिंह चौहान किशोरी लाल नौटियाल हरि प्रसाद उनियाल पीसी नौडियाल राजेंद्र सिंह रावत यमुना प्रसाद काला सुरजीत सिंह पुंडीर तथा अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के उपाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद काला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *