प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पीएम पोषण के नोडल अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों उप शिक्षा अधिकारियों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देश पत्र जारी कर किचन-कम-स्टोर की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। नोडल अधिकारी ने कहा कि कई बार लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण अप्रिय घटनाएं हो जाती हैं। ऐसी घटनाओं में भोजन तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तन उपकरण और गैस चूल्हे तक क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए विद्यालय संस्थाध्यक्षों को कड़ी निगरानी रखनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय के किचन-कम-स्टोर में आवश्यक सावधानियों के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसकी प्रतिदिन देख-रेख विद्यालय स्तरीय प्रभारी प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक स्वयं करें। उन्होंने भोजन माताओं को भी स्वच्छता सावधानी और सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश देने को कहा। उन्होंने कहा कि खाना बनाने से पहले बर्तनों की साफ-सफाई और उनकी जांच करना जरूरी है। खाद्य सामग्री को सुरक्षित स्थान पर संरक्षित रखा जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए खाद्य सामग्री के रख-रखाव और उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। खंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों के अनुश्रवण एवं निरीक्षण के दौरान पीएम पोषण योजना के निर्धारित मानकों के साथ स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी अनिवार्य रूप से जांच करें। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पीएम पोषण योजना के संचालन में भोजन माता की महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए उनसे पूरी जवाबदेही के साथ कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के निर्धारित मानकों की किसी भी प्रकार की अनदेखी अक्षम्य होगी। विद्यालयों में नौनिहालों को परोसे जाने वाले पके-पकाए भोजन की स्वच्छता गुणवत्ता और नियमितता सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी। विभाग ने विद्यालयों में भोजन तैयार करने से लेकर बच्चों को परोसने तक की पूरी प्रक्रिया में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
