Spread the love

प्रदीप कुमार
बूंगीधार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बूंगीधार में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित रक्षाबंधन समारोह में ग्रामीण क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं ने उनकी कलाई पर राखी बांधकर स्नेह विश्वास और आत्मीयता का इजहार किया तथा उनके दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। डॉ.धन सिंह रावत ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के पवित्र प्रेम स्नेह विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। यह केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी सम्मान और विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन परिवारों को जोड़ने के साथ समाज में आपसी सद्भाव सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है। क्षेत्र की बहनों ने जिस आत्मीयता के साथ उन्हें राखी बांधी वह उनके लिए भावुक और यादगार क्षण है। उन्होंने सभी बहनों को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए वह निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे। समारोह में उपस्थित महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर डॉ.धन सिंह रावत के साथ राखी का यह आयोजन भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता को और मजबूत करने वाला है। महिलाओं ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए डॉ.रावत के प्रयासों की सराहना भी की। भाजपा पौड़ी की पूर्व जिलाध्यक्ष सुषमा रावत ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत पिछले 15 वर्षों से प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का है इसे राजनीतिक गतिविधि का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन कार्यक्रमों में जुट रही बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और डॉ.धन सिंह रावत के प्रति लोगों के स्नेह का संकेत है। समारोह में महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य रजनी देवी जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी डॉ.दीपा रावत शांति देवी सहित वरिष्ठ महिला मोर्चा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं। रक्षाबंधन समारोह के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम भाई-बहन के प्रेम आपसी विश्वास आत्मीयता और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed