Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान जारी है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जाखधार पडागली गोज्याणा और घनसाली समेत विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 14 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इनमें बेकरी के दो खाद्य तेल का एक मिठाई के पांच अनाज उत्पाद के दो तथा अन्य खाद्य पदार्थों के चार नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत दो खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। विभाग द्वारा प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता स्वच्छता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी जांच की गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने तथा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानकयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी टिहरी शारदा शर्मा जिला प्रशासन की ओर से विजय पेटवाल एवं विनोद रावत आपूर्ति विभाग से अमित भंडारी पुलिस प्रशासन से मनीष कंडारी एवं सहायक श्रीचंद कुमाई उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed