प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को दुर्घटना संभावित अंधे मोड़ों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार कॉन्केव मिरर गति सीमा बोर्ड और पर्याप्त सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्रैश बैरियर लगाए जाने वाले स्थानों में प्राथमिकता के आधार पर ऐसे डेंजर जोन चिह्नित करने को कहा जहां 100 मीटर से अधिक गहरी खाई है। उन्होंने क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर को शीघ्र ठीक कराने तथा नए क्रैश बैरियर निर्धारित मानकों के अनुसार मजबूत तरीके से लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर हटाने और पत्थर गिरने की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यक उपचारात्मक कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। लगाए गए साइनेज की स्थिति का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा उन पर पोस्टर और पंपलेट चस्पा न होने दिए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पहाड़ी क्षेत्रों में 14 टायर या उससे अधिक वाले वाहनों के संचालन से संबंधित नियमों परमिट ओवरलोडिंग सहित अन्य मानकों की जांच को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस नेगी उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेंद्र विराटिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
