प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। दिल्ली 28 अगस्त गढ़वाल हितैषिणी सभा की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले गढ़वाली मूल के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया जाएगा। 30 अगस्त 2026 रविवार को दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन के भागीरथी सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में 123 मेधावी प्रतिभाओं को ‘वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेधावी छात्र सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 109 विद्यार्थियों तथा सीए एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 14 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस तरह कुल 123 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान मिलेगा। सम्मान समारोह में प्रत्येक विद्यार्थी को स्मृति चिह्न के साथ 2,100 रुपये नगद पुरस्कार एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ ही समाज में शिक्षा और प्रतिभा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा को सम्मान मिलना उसके लिए केवल पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर नहीं,बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा और आत्मविश्वास का स्रोत होता है। मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान उन्हें अपनी क्षमताओं को और विकसित करने तथा भविष्य के लिए बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का आधार उसकी नई पीढ़ी की शिक्षा प्रतिभा और संस्कार हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को यह संदेश मिलता है कि उनकी मेहनत और उपलब्धियों को समाज पहचानता और महत्व देता है। कुलपति ने कहा कि गढ़वाल हितैषिणी सभा का यह प्रयास केवल मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है,बल्कि यह शिक्षा को सामाजिक सम्मान से जोड़ने वाली पहल भी है। दिल्ली-एनसीआर में रह रहा गढ़वाली समाज अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए नई पीढ़ी की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित कर रहा है जो सराहनीय प्रयास है। सम्मान समारोह 30 अगस्त 2026 को भागीरथी सभागार गढ़वाल भवन दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
