प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में छात्राओं ने आपसी भाईचारे स्नेह और सौहार्द के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। मुख्य छात्रावास अधीक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ.सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर चौरास परिसर स्थित महिला छात्रावास परिसर में ‘प्रकृति वंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 10 बजे बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरि भजन सिंह चौहान ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर महिला छात्रावास की शोधार्थी एवं छात्राएं मौजूद रहीं। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। छात्राओं ने प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में प्रो.विजयकांत पुरोहित डॉ.तेजपाल बिष्ट डॉ.श्वेता वर्मा और डॉ.हिमशिखा गुसाईं सहित अन्य उपस्थित रहे।
