प्रदीप कुमार
मुनि की रेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान” के तहत टिहरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। थाना मुनि की रेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ढालवाला के पास चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दोनों आरोपितों को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 409 ग्राम अवैध चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में थाना मुनि की रेती पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 27 अगस्त की शाम ढालवाला के पास चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से 409 ग्राम चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे चरस घनसाली क्षेत्र से लेकर आए थे और इसकी तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागर पुत्र गोपाल उम्र 24 वर्ष निवासी हाल किराएदार राजू होटल तपोवन थाना मुनि की रेती मूल निवासी छतरी वाला कुआं थाना मानकमऊ जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश तथा धर्म सिंह राणा पुत्र स्वर्गीय अव्वल सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी गंगी पोस्ट घुत्तू थाना घनसाली टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित सागर पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई गई है। दोनों आरोपितों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के स्रोत तस्करों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली थाना मुनि की रेती पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडेय उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी ढालवाला आशीष रावत हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और हेड कांस्टेबल सुंदर शामिल रहे। वहीं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम में निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला अपर उपनिरीक्षक कपिल यादव हेड कांस्टेबल विपुल और हेड कांस्टेबल रवींद्र सिंह शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार अथवा मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ड्रग्स-फ्री देवभूमि के संकल्प को साकार करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
