Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने रविवार को विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर टीमों ने रिटेल स्टोर ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डेयरी और किराना दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए तथा अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने शिवालिक नगर स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान देशी घी मैदा साबुत काली मिर्च और पोहा के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। पोहा निर्माता कंपनी पंसारी इंडस्ट्रीज नई दिल्ली को लेबल पर निर्माता कंपनी का नाम और पता अंकित नहीं करने स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम अंकित करने तथा लेबल पर स्वास्थ्य संबंधी दावे किए जाने के कारण नोटिस जारी किया गया। वहीं मैदा निर्माता कंपनी ग्रो मोर स्पाइसेज एंड पल्सेस गुरुग्राम हरियाणा को लेबल पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने के कारण नोटिस दिया गया। दिलीप जैन की टीम ने ज्वालापुर आर्यनगर और रानीपुर मोड़ स्थित रिटेल स्टोरों के साथ ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जेप्टो के प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेप्टो की ओर से मौके पर खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा वेयरहाउस से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जिनमें कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल संबंधी दस्तावेज शामिल हैं भी प्रस्तुत नहीं किए गए। कई खाद्य पदार्थों के लेबल पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अपठनीय पाए जाने पर जेप्टो को मौके पर नोटिस जारी किया गया। इस दौरान खाद्य तेल सूजी जूस और तेल के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर के सिविल लाइन्स क्षेत्र में रिटेल स्टोरों और किराना दुकानों का निरीक्षण किया। यहां खाद्य तेल चायपत्ती और देशी घी के तीन नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं और मौके पर अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने भगवानपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रिटेल दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेसन सूजी नमकीन बिस्कुट चायपत्ती और खाद्य तेल के छह नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने झबरेड़ा और नारसन क्षेत्र में रिटेल दुकानों एवं डेरियों का निरीक्षण किया। टीम ने मावा और देशी घी के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार रविवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *