Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में कोटद्वार पुलिस ने डाकघर में तैनात एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती की शिकायत पर मामले की जांच की गई और पीड़िता के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप की पुष्टि होने के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार 3 जुलाई 2026 को कोटद्वार निवासी एक युवती ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दी थी। युवती ने आरोप लगाया कि डाकघर कोटद्वार में तैनात आशीष यादव ने उसे शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मामले की विवेचना करते हुए पीड़िता के बयान दर्ज किए और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों को संकलित किया। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित आशीष यादव पुत्र विनोद कुमार, निवासी भिवानी खेड़ा हरियाणा की संलिप्तता पाए जाने पर 30 अगस्त 2026 को उसे कोटद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *