प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर अनुसूचित मोर्चा द्वारा सोमवार 31 अगस्त 2026 को राहुल गांधी द्वारा की गई जातीय टिप्पणी के विरोध में लैंसडाउन चौक पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाति-पाति की विभाजनकारी राजनीति के माध्यम से समाज में वैमनस्यता फैलाने के प्रयासों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से समाज को जाति वर्ग और समुदाय के नाम पर बांटकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशती रही है। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस द्वारा अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता और पिछड़े समाज से आने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का राजनीतिक उपयोग कर उत्तराखंड में जातीय विभाजन पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा समाज को बांटने और लोगों के बीच भ्रम एवं वैमनस्य पैदा करने पर केंद्रित रही है। राहुल गांधी द्वारा जिस प्रकार जाति के नाम पर राजनीति को हवा देने का प्रयास किया जा रहा है वह उत्तराखंड की सामाजिक एकता और भाईचारे के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनता ने हमेशा सामाजिक समरसता भाईचारे और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता जाति-पाति की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का सहारा लेकर प्रदेश में जातीय विभाजन पैदा करने की कोशिश कांग्रेस की हताश राजनीति को दर्शाती है। सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के साथ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकता समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना है। पुतला दहन कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह दर्जाधारी राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी सुनील शर्मा विजेंद्र थपलियाल संकेत नौटियाल रविंद्र वाल्मीकि सुरेंद्र घेल जयपाल वाल्मीकि मनोज जाटव सहित भाजपा महानगर के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
