Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन सुनवाई में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 शिकायतें दर्ज कराईं जिनमें से 09 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जन सुनवाई के दौरान नगर पालिका सभासद विनीता देवी ने पुल्डा वास ऑफिसर कॉलोनी के समीप पहाड़ी से गिरने वाले पत्थरों से सुरक्षा की दृष्टि से रॉकफॉल प्रोटेक्शन जाली लगाने की मांग रखी। सांदर गांव निवासी उमेद सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि दो वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा सांदर-नैल मोटर मार्ग के किलोमीटर 02 में कार्य के दौरान मध्यरात्रि में उनकी गौशाला को बिना अनुमति तोड़ दिया गया था जिसका आज तक मुआवजा नहीं मिला है। इसी क्रम में वार्ड नंबर-03 खैड़धार निवासी संतोषी सिंधवाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उनके आवासीय भवन के आगे का पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे भवन को खतरा बना हुआ है। उन्होंने सुरक्षा के लिए पुश्ता निर्माण की मांग की। सिल्ला बामणगांव निवासी राकेश लाल ने मृतक खच्चर की बीमा धनराशि न मिलने लोली गांव के सोहन लाल ने लंबे समय से राशन कार्ड न बनने तथा भैंसगांव निवासी प्रदीप सिंह ने उनके परिवार द्वारा संचालित ढाबे को एक व्यक्ति द्वारा तोड़े जाने के प्रयास की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उपस्थित अधिकारियों को इनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का विलंब नहीं किया जाना चाहिए और संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर एल-1 स्तर पर 173 तथा एल-2 स्तर पर 39 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन सुनवाई कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग संजीव कुमार सैनी लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ के अधिशासी अभियंता आर.पी.नैथानी अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा एसडीओ दिवाकर पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *