Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 31 अगस्त 2026 को थाना छाम पुलिस ने थाना प्रभारी दिलवर सिंह नेगी के नेतृत्व में मतियाला चेक पोस्ट पर यातायात चेकिंग के साथ-साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों एवं ड्राइवरों को रोककर यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही स्वयं तथा सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने निर्धारित गति सीमा का पालन करने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतने यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय अनावश्यक जल्दबाजी एवं लापरवाही से बचने के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान थाना प्रभारी छाम दिलवर सिंह नेगी ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य व्यक्तियों के जीवन को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों को केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं बल्कि अपने एवं दूसरों के सुरक्षित जीवन के लिए जिम्मेदारी के साथ अपनाएं। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपस्थित वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की शपथ भी दिलाई गई। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा के संदेश को अपनाते हुए यातायात नियमों का पालन करें सुरक्षित वाहन चलाएं और अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *