प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश एवं सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना छाम पुलिस ने घर से बिना बताए चली गई गुमशुदा महिला को सकुशल बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार 27 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति थाना छाम में उपस्थित हुआ और अपनी पत्नी के बिना बताए घर से चले जाने तथा काफी तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चलने के संबंध में सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छाम पुलिस ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की। गुमशुदा महिला की शीघ्र एवं सकुशल बरामदगी के लिए थाना छाम पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश एवं दबिश देते हुए सुरागरसी-पतारसी उपलब्ध जानकारी तथा अन्य माध्यमों से महिला की तलाश के लिए प्रभावी प्रयास किए। थाना छाम पुलिस टीम के अथक प्रयासों एवं तत्परता के फलस्वरूप गुमशुदा महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद महिला को थाना छाम लाया गया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई। 31 अगस्त 2026 को आवश्यक कार्रवाई के उपरांत महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना छाम पुलिस द्वारा की गई त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। गुमशुदा महिला की सकुशल बरामदगी में उपनिरीक्षक मनवीर चौहान एवं कांस्टेबल असद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
