Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में कक्षा 2,5 एवं 8 के विद्यार्थियों की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट चड़ीगांव में मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आकलन प्रक्रिया की शुचिता पारदर्शिता और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि आकलन प्रक्रिया में विद्यालय प्रबंधन समितियों और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को आकलन परीक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाए। दूरस्थ क्षेत्रों में मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में प्रश्नपत्रों की उपलब्धता प्रभावित न हो इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया। उन्होंने आकलन दिवस पर सभी विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों बीआरपी सीआरपी और डायट मेंटर्स को अपने-अपने क्षेत्रों में आकलन प्रक्रिया की निगरानी करने के साथ ही परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी राजकीय अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 7 सितंबर को कक्षा 2,5 एवं 8 के विद्यार्थियों की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस आकलन के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रश्नपत्रों में ऐसे प्रश्न शामिल किए जाएंगे जिनसे विद्यार्थियों की समझ विषय के अनुप्रयोग और उच्च स्तरीय चिंतन कौशल को परखा जा सके। डायट के प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर ने बताया कि कक्षा 2 में हिंदी और गणित कक्षा 5 में हिंदी गणित एवं हमारे आसपास तथा कक्षा 8 में हिंदी गणित विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों का बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से आकलन किया जाएगा। दक्षता आधारित आकलन के लिए प्रश्नपत्र विषय विशेषज्ञ समूहों द्वारा तैयार किए जाएंगे। प्रश्नपत्र खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से बीआरपी एवं सीआरपी के सहयोग से संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएंगे। आकलन के बाद विद्यार्थियों की प्रगति का विश्लेषण किया जाएगा। उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप उपचारात्मक शिक्षण कराया जाएगा। इसके बाद 28 सितंबर को पुनः दक्षता आधारित आकलन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से 25 दिसंबर तक संचालित की जाएगी। वर्ष 2027 में प्रस्तावित राष्ट्रीय सर्वेक्षण की तैयारियों को मजबूत करना भी इस प्रक्रिया का प्रमुख उद्देश्य है। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक अंशुल बिष्ट भारत भूषण परमार शिव कुमार भारद्वाज सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी बीआरपी सीआरपी तथा डायट मेंटर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *