प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तिरपालीसैंण का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी के विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने आत्मीयता से उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने भी छात्राओं से सहजता और आत्मीयता के साथ संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई दैनिक दिनचर्या और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के रहने की व्यवस्था पेयजल शौचालय भोजन स्वच्छता सहित विद्यालय की अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से उनके दैनिक जीवन पढ़ाई भोजन और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए उनके सुझाव भी सुने। जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में शौचालय की आवश्यक मरम्मत का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय भवन के रंगरोगन के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने को भी कहा ताकि आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से कराया जा सके। विद्यालय परिसर में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने नाली निर्माण और सुधार से संबंधित प्रस्ताव भी तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को स्वच्छ सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए ताकि छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। संवाद के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जिलाधिकारी के सामने अपनी बातें रखीं और विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात खंड शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा गौड़ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
